बोल बम के जयकारे से गूंजें सोनांचल के शिवालय
सावन मास में भोलेनाथ के दर्शन पूजन के लिए शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। हर रोज श्रद्धालु महादेव के दर्शन पूजन को मंदिर पहुंच रहे हैं। कोई दुग्धाभिषेक कर प्रभु से मंगलमय जीवन की कामना कर रहा है तो कोई जल अर्पित कर सुख समृद्धि मांग रहा है।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : सावन माह में भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। हर रोज श्रद्धालु महादेव के दर्शन-पूजन को मंदिर पहुंच रहे हैं। कोई दुग्धाभिषेक कर प्रभु से मंगलमय जीवन की कामना कर रहा है तो कोई जल अर्पित कर सुख समृद्धि मांग रहा है। बोल बम के साथ ही ओम नम: शिवाय के जप से क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। गुरुवार को शिवालयों में भक्तों ने शिवलिग पर बेलपत्र, फूल, दूध, धतूरा, भांग अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किया गया है।
सावन में शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने को श्रद्धालु हर रोज पहुंच रहे हैं। बोल बम के नारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। बोल-बम व हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो रहा है। सावन को देखते हुए जिले के सभी शिव मंदिरों को पूरी तरह से सजा दिया गया है। हर तरफ भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। गेरुआधारी कांवरियों से मार्ग पट जा रहा है जहां व हर-हर महादेव का नारा लगाते हुए शिवालयों पर पहुंच रहे हैं। गुरुवार को राबर्ट्सगंज नगर के सोमनाथ मंदिर, वीरेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही दर्शन करने के लिए कांवरियों की भीड़ लगी रही। चुर्क के रौप स्थित पंचमुखी मंदिर, ऐतिहासिक कंडाकोट, शाहगंज के गौरीशंकर महादेव, बरैला मंदिर, दंडईत बाबा महादेव मंदिर पर दर्शन-पूजन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप