सोनभद्र में बारिश के बाद बाणसागर के छह गेट फिर खुले, सोन नदी में बढ़ गया जलप्रवाह
बाणसागर मुख्य बांध के छह रेडियल गेट खोले गए हैं, जिससे सोन नदी में 630 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा ...और पढ़ें

सोनभद्र में बाणसागर बांध के गेट खुले, सोन नदी में बढ़ा जलस्तर, निचले इलाकों में अलर्ट।
HighLights
बाणसागर बांध के छह रेडियल गेट खोले गए।
सोन नदी में 630 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा।
निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बाणसागर मुख्य बांध में पूर्ण भराव जलस्तर बनाए रखने और जल की आवक बढ़ने के कारण सोमवार शाम चार बजे छह रेडियल गेट खोल दिए गए। गेट संख्या छह, सात, आठ, नौ, 10 और 11 को 0.50-0.50 मीटर खोला गया है। इन गेटों से स्पिलवे के जरिए कुल 630 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है।
बाणसागर मुख्य बांध के स्पिलवे और पावर हाउस नंबर तीन से सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर वर्तमान में कुल प्रवाह 804 क्यूमेक्स पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बांध में पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में डिस्चार्ज की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। इसे देखते हुए बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में प्रशासनिक और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सोन नदी के दोनों किनारों पर निवास करने वाले लोगों को नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा नदी में न जाने के लिए सूचना प्रसारित कराने को कहा गया है। गंगा कछार जल संसाधन विभाग रीवा के मुख्य अभियंता वीके मंडलोई की ओर से जारी सूचना में संबंधित मैदानी अमले से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति में निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय से इसकी जानकारी देने पर जोर दिया गया है।
