विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में रिहंद बांध के छह फाटक खुले, 83,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा

By Prashant Kumar Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 12:10 PM (IST)

रिहंद बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण गुरुवार को एक और फाटक खोला गया, जिससे अब कुल छह फाटकों ...और पढ़ें

HighLights

  1. रिहंद बांध के छह फाटक 16-16 फीट खोले गए।

  2. कुल 83,960 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा।

  3. जलस्तर बढ़ने पर सातवां फाटक खोलने की तैयारी।

जागरण संवाददाता, (रेणुकूट) वाराणसी। पिपरी स्थित रिहंद बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए गुरुवार की सुबह एक और फाटक खोल दिया गया। सुबह करीब आठ बजे छठवां फाटक खोला गया। इसके साथ ही बांध के छह फाटकों से पानी की निकासी शुरू हो गई है। सभी छह फाटकों को 16-16 फीट खोला गया है।

सिंचाई विभाग के अनुसार प्रत्येक फाटक से करीब 11 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह छह फाटकों से करीब 66 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड बाहर निकाला जा रहा है। इसके अलावा बांध की छह टरबाइनों से करीब 17,960 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। फाटकों और टरबाइनों को मिलाकर बांध से कुल करीब 83,960 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है।

40 घंटे में जलस्तर में नहीं आई अपेक्षित कमी
मंगलवार की रात दो और फाटक खोले गए थे। इसके बाद पांच फाटकों से पानी की निकासी की जा रही थी। करीब 40 घंटे तक पांच फाटक खुले रहने के बावजूद बांध में पानी की लगातार आवक बनी रहने से जलस्तर में अपेक्षित कमी नहीं आई। गुरुवार की सुबह बांध का जलस्तर करीब 871.5 फीट पर बना हुआ था।

आवक बढ़ी तो सातवां फाटक खोलने की तैयारी
बांध में पानी की आवक अभी भी बनी हुई है। जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि जलस्तर में दोबारा वृद्धि होती है तो सातवां फाटक भी खोला जा सकता है। छह फाटक खुलने के बाद रिहंद नदी के बहाव क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।