विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनांचल में Wrong Turn से होने वाले हादसों के आंकड़े डराने वाले, हर 100 दुर्घटना पर 75 लोगों की मौत

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 19 Sep 2026 06:13 PM (IST)

सोनभद्र में सड़क हादसों के आंकड़े भयावह हैं, जहाँ 2023-2025 के बीच 26 ब्लैक स्पॉट पर 286 दुर्घटनाओं में 215 ...और पढ़ें

सोनभद्र के ब्लैक स्पॉट बने मौत के मुहाने, 100 हादसों पर 75 मौतें।

सोनभद्र के ब्लैक स्पॉट बने मौत के मुहाने, 100 हादसों पर 75 मौतें।

HighLights

  1. सोनभद्र में 26 ब्लैक स्पॉट पर 215 मौतें दर्ज।

  2. हर 100 दुर्घटनाओं पर 75 लोगों की जान गई।

  3. हथवानी सबसे खतरनाक, 16 लोगों की मौत हुई।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सड़क हादसों के आंकड़े सोनभद्र में सड़क सुरक्षा की भयावह तस्वीर सामने ला रहे हैं। जिले में चिन्हित 26 ब्लैक स्पाट पर वर्ष 2023 से 2025 के बीच 286 दुर्घटनाओं में 215 लोगों की मौत हुई, जबकि 169 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। ये आंकड़े बहुत ही डरावने हैं। कारण कि हर 100 दुर्घटनाओं पर यहां 75 लोगों की जान गई है, जबकि राष्ट्रीय औसत महज 36 मौत ही है। सड़क दुर्घटना की गंभीरता का यह आंकड़ा बताता है कि जिले के ब्लैक स्पाट केवल हादसों के स्थल नहीं, बल्कि मौत के मुहाने बन चुके हैं।

हथवानी में 16 मौत, मारकुंडी घाटी समेत तीन जगह 12-12 जान गईं

तीन साल के आंकड़ों में हथवानी सबसे खतरनाक ब्लैक स्पाट के रूप में सामने आया है। यहां 16 लोगों की मौत हुई। इसके बाद मारकुंडी घाटी, पटवध और बभनी में 12-12 मौतें दर्ज की गईं। सुकृत में 11 लोगों की जान गई। वहीं सलखन, मुर्धवा, मधुपुर, लोहरा, औड़ी मोड़, खड़िया और चिल्काडांड में नौ-नौ लोगों की मौत हुई। यानी महज कुछ चिन्हित स्थानों पर ही बड़ी संख्या में परिवारों ने अपनों को खो दिया।

दुर्घटनाओं की यह बड़ी वजहें

अधिकतर स्थलों पर न गति सीमा साइनेज, न प्रवर्तन संरचना, न इंटरसेप्टर कवरेज है। विपरीत मोड़, घाटी मोड़, टर्निंग मोड़ एवं ढलान, वैरियन या अग्रिम चेतावनी बोर्ड की भी जरूरत है। अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाला ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। ब्लैक स्पाट पर सुविधा बढ़ाने के लिए भी प्रशासन के साथ काम किया जा रहा है।

वर्ष 2025 में माहवार सड़क दुर्घटनाएं एवं मृत्यु

------------

माह दुर्घटना मृतक घायल

जनवरी 54 - 33- 42

फरवरी 39 -35- 27

मार्च 45- 34- 23

अप्रैल 40 -30- 23

मई 59 -48- 40

जून 50 -33- 39

जुलाई 30- 21- 12

अगस्त 45- 32- 32

सितंबर 36 -24- 18

अक्टूबर 31 -21- 15

नवंबर 44- 30 -24

दिसंबर 34 -25- 13

------------------