झमाझम बारिश के बाद उमस से मिली राहत, जलजमाव
जागरण संवाददाता सोनभद्र पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद रविवार को शु
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद रविवार को शुरू हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। उमस से लोगों का जीना दूभर कर दिया था। रविवार दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल घिर आए। दोपहर दो बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, इसके बाद झमाझम बारिश होने लगी। बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली। बारिश ने किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान बिखेर दी है। किसानों ने बताया कि यह बारिश धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। झमाझम बारिश से राबटर्सगंज नगर में सड़कों पर हुए जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर की कई गलियों में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश होती रहेगी, जो कि किसानों के लिए राहत की बात है। बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बता दें कि कई इलाकों में किसान पंपिगसेट लगाकर सिचाई कर रहे हैं।
-
जलभराव से स्थिति खराब
नगर में जल निकासी की तमाम कवायद के बाद भी हल्की बारिश के बाद भी स्थिति नारकीय हो जाती है। जिले की एक मात्र नगर पालिका राबटर्सगंज में बारिश के बाद हर तरफ पानी ही पानी नजर आने लगती है। रविवार को कुछ देर के लिए हुई झमाझम बारिश के बाद नगर के कई वार्ड पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गया। जल जमाव के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।