रद होंगे जिले के 30348 वाहनों के रजिस्ट्रेशन
जिले में चलने वाले 15 साल पुराने 30 हजार 34
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जिले में चलने वाले 15 साल पुराने 30 हजार 348 वाहन जल्द ही कबाड़ में तब्दील हो जाएंगे। परिवहन विभाग ने इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। सितंबर में ही वाहन मालिकों को दोबारा रजिस्ट्रेशन के लिए सूचना दी गई थी लेकिन दो माह गुजर जाने के बाद भी वाहन स्वामियों ने दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। इसके बाद विभाग ने जिले में संचालित 15 साल से पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। एआरटीओ (प्रशासन) एके मिश्रा ने बताया कि 15 साल से पुराने सभी वाहनों की जांच की गई थी। इसके बाद वाहन मालिकों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने को नोटिस दी गई थी। बावजूद इसके वाहन स्वामियों ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बाद यह सख्त कदम उठाया जा रहा है। बताया कि रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद ए वाहन कबाड़ हो जाएंगे। जिनका संचालन नहीं होने दिया जाएगा। क्या है नियम
मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 39 के अंतर्गत प्रत्येक वाहन का रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। 15 साल गुजरने के बाद वाहन के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण करवाना होता है। वाहन मालिक ऐसा नहीं करता है तो उसके वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाता है। प्रदूषण पर भी लगेगा लगाम
एआरटीओ (प्रशासन) एके मिश्रा ने बताया कि 15 साल पुराने वाहनों का नवीनीकरण करने के लिए फिटनेस, प्रदूषण व बीमा का प्रमाण पत्र जरूरी होगा। ऐसे में जब एक साथ 30 हजार से अधिक वाहन जिले में चलने बंद होंगे तो निश्चित रूप से प्रदूषण में भी कमी आएगी। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी वाहन मालिक रजिस्ट्रेशन के बिना वाहन चलाएगा तो उसकी जिम्मेदारी वाहन चालक की होगी, क्योंकि हादसा होने पर कोई क्लेम नहीं मिलेगा। जिले में वाहनों की संख्या
जिले में पंजीकृत कुल वाहनों की संख्या : 300372
निजी वाहनों की संख्या : 280833
कमर्शियल वाहनों की संख्या : 19539 कार्रवाई की जद में आने वाले वाहनों का विवरण
कुल वाहनों की संख्या : 30348
ट्रैक्टर : 4780
चारपहिया वाहन : 4139
बाइक : 21429