ऊर्जा संरक्षा सुनिश्चित कर रही है परियोजना
कोरोना वायरस के ़खलिाफ जारी निर्णायक जंग के विषम एवं चुनौती पूर्ण समय में कृष्णशिला परियोजना मानवीय संवेदना के साथ राष्ट्र की ऊर्जा संरक्षा भी सुनिश्चित कर रही हैं।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : कोरोना वायरस के खिलाफ जारी निर्णायक जंग के विषम एवं चुनौती पूर्ण समय में कृष्णशिला परियोजना मानवीय संवेदना के साथ राष्ट्र की ऊर्जा संरक्षा भी सुनिश्चित कर रही हैं। इस कार्य में स्थानीय प्रशासन के साथ परियोजना के सभी अधिकारी व कर्मी एक साथ खड़े हैं। रविवार को मध्य प्रदेश की सीमा पार से आने-जाने वाले लोगों एवं परियोजना के समीपस्थ ग्रामवासियों को निगमित सामाजिक दायित्व अंतर्गत निर्मित कराकर 200 मॉस्क वितरित किए गए।
एनसीएल कृष्णशिला परियोजना ने सीएसआर के तहत कौशल विकास उन्नयन योजना में प्रशिक्षित 40 ग्रामीण महिलाओं एवं युवतियों से मॉस्क निर्मित कराए हैं। प्रशिक्षित महिलाओं से अभी तक सात सौ मॉस्क 15 रुपये प्रति मॉस्क की दर से खरीदा गया है। परियोजना का उद्देश्य है कि लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण महिलाओं को घर बैठे रोजगार मुहैया कराया जाय। साथ ही उनके द्वारा बनाएं गए मॉस्क को आस पास के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में बांटा जाय। परियोजना द्वारा स्वयं का निर्मित मॉस्क को चार सौ संविदा कर्मियों के बीच में भी वितरित किया गया। परियोजना के महाप्रबंधक बीएन सिंह सभी राहत कार्यों पर सतत निगरानी कायम किए हुए हैं। मॉस्क वितरण के दौरान जमशिला ग्राम प्रधान शांति देवी, नोडल आफिसर सीएसआर ओमवीर सिंह एवं उप प्रबंधक कार्मिक मो. शहबाज आदि उपस्थित रहे।