सीजेएम न्यायालय में पिपरी थानाध्यक्ष तलब
भाजपा नेता माला चौबे और दुद्धी के तत्कालीन उप जिलाधिकारी विश्राम यादव के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिपरी थानाध्यक्ष को तलब किया है। उन्हें व्यक्तिगत रूप से 27 सितंबर को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2015 में माला चौबे भाजपा की तरफ से चुनाव संचालन के लिए अनपरा गए थे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : भाजपा नेता माला चौबे और दुद्धी के तत्कालीन उप जिलाधिकारी विश्राम यादव के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिपरी थानाध्यक्ष को तलब किया है। उन्हें व्यक्तिगत रूप से 27 सितंबर को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।
दरअसल, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2015 में माला चौबे भाजपा की तरफ से चुनाव संचालन के लिए अनपरा गए थे। आरोप है कि माला चौबे के वापस लौटते समय पिपरी थाने के पास दुद्धी के तत्कालीन एसडीएम विश्राम यादव पहले से सड़क पर मौजूद थे। उस दौरान उनके साथ कुछ सिपाही व होमगार्ड भी थे। जब भाजपा नेत्री की गाड़ी होमगार्डों के पास पहुंची तो उसे रोकने का इशारा किया गया। जब गाड़ी सड़क किनारे खड़ी हुई उसी दौरान लाठी से गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। इसी मामले में भाजपा नेत्री ने मुकदमा दर्ज कराया था। मामला न्यायालय में ढाई साल से चल रहा है। इस मामले में न्यायालय ने पिपरी थानाध्यक्ष को आख्या प्रस्तुत करने के लिए कई बार नोटिस और आदेश भेजा लेकिन, अब तक आख्या प्रस्तुत नहीं की गई। ऐसे में न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 27 सितंबर को पिपरी थानाध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।