यज्ञ मंडप की परिक्रमा को पहुंचे श्रद्धालु
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील मुख्यालय के महावीर मंदिर परिसर में चल रहे श्रीराम महायज्ञ के ती
जासं, दुद्धी (सोनभद्र) : तहसील मुख्यालय के महावीर मंदिर परिसर में चल रहे श्रीराम महायज्ञ के तीसरे दिन रविवार की सुबह यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने भक्तों का तांता लगा हुआ था। भीषण गर्मी तेज धूप से बेपरवाह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ अलसुबह से उमड़ने लगी। लोग बड़े ही श्रद्धाभाव से यज्ञमंडप की परिक्रमा करते हुए अपने परिजनों का मंगल कामना कर रहे थे। एक ओर बाबा लखनजी महाराज के सानिध्य में संतों की टोली यजमान गणेश जौहरी की सपत्निक मौजूदगी में लोक कल्याण हेतु वैदिक मंत्रों के जरिये आराध्य देव भगवान विष्णु को प्रसन्न करने में लगे हुए हैं। वहीं आयोजकों की टोली श्रद्धालुओं की सेवा में लगी हुई है। यज्ञ में पड़ने वाली आहुति से जहां ब्रह्मांड को शुद्ध किया जा रहा है, वहीं वैदिक मंत्रों की गूंज से समूचे नगर का वातावरण राममय हो रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, प्रदीप कुमार, रामजी पांडेय, संदीप गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, विष्णुकांत तिवारी समेत तमाम सदस्य जहां व्यवस्था में लगे हुए हैं। वहीं चंद्रिका बाबू, भोला आढ़ती समेत अन्य संरक्षक मंडल के लोग विधि विधान पूर्वक धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने में अपना बहुमूल्य सहयोग दे रहे हैं।