होलिका जलाने वालों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के तकिया गांव में लगायी गई होलिका दस मार्च को जल गई थी। मौके पर अधिकारियों ने मौका मुआयना किया लेकिन इसमें अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज कुशवाहा समाज के लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें ज्ञापन दिया और प्रदर्शन किया। कहा कि अगर आरोपित पकड़े नहीं गए तो होली का त्योहार नहीं मनाएंगे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के तकिया गांव में लगाई गई होलिका दस मार्च को जल गई थी। मौके पर अधिकारियों ने मौका मुआयना किया लेकिन इसमें अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज कुशवाहा समाज के लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें ज्ञापन दिया और प्रदर्शन किया। कहा कि अगर आरोपित पकड़े नहीं गए तो होली का त्योहार नहीं मनाएंगे।
ग्रामीणों के मुताबिक कुशवाहा समाज द्वारा स्थापित होलिका में दस मार्च को रात करीब सवा आठ बजे कुछ लोगों ने आग लगा दिया था। पुलिस को उनका नाम भी बताया गया लेकिन अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि जो आरोपित हैं वे खुलेआम घूम रहे हैं, पशु तस्करी कर रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपितों द्वारा तरह-तरह के अपशब्द बोले जा रहे हैं। ग्रामीणों को फंसाने का भी आरोप लगाते फिर रहे हैं। 12 मार्च को शाम के करीब साढ़े पांच बजे बाइक पर सवार होकर ये आरोपित गांव का चक्कर लगा रहे थे। गांव के लोगों में आरोपितों के प्रति आक्रोश है। अगर इन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई नहीं की गई तो 20 मार्च को होलिका दहन नहीं करेंगे। 21 मार्च को होली भी नहीं मनाएंगे। ज्ञापन देने वालों में राजेश, रमेश सिंह, रमेश चंद्र, तेजबली, प्रमोद आदि शामिल थे।