सोनभद्र में टायर का छल्ला लगने से पंचर मिस्त्री की मौत, ज्यादा हवा होने से हुआ हादसा
सोनभद्र के डाला में एक 24 वर्षीय पंचर मिस्त्री मोहम्मद आरिफ की टायर में हवा भरते समय छल्ला छटकने से ...और पढ़ें

सोनभद्र में टायर का छल्ला लगने से पंचर मिस्त्री की दर्दनाक मौत।
HighLights
सोनभद्र में 24 वर्षीय पंचर मिस्त्री मोहम्मद आरिफ की मौत।
टायर में हवा भरते समय छल्ला छटकने से सिर में चोट लगी।
डाला बस स्टैंड के पास शुक्रवार रात हुई दर्दनाक घटना।
जागरण संवाददाता, डाला (सोनभद्र)। स्थानीय बस स्टैण्ड से कुछ ही दूर स्थित पुराने खनिज बैरियर के बगल में शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे टायर का छल्ला छटक कर पंचर बनाने वाले 24 वर्षीय मोहम्मद आरिफ के सिर व हाथ में लग गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान उसका पिता उससे करीब 10 फीट दूरी पर किसी कस्मटर से बात कर रहा था। डाला झपरहवां वार्ड नंबर पांच का निवासी माेहम्मद आरिफ बस स्टैण्ड के पास पुराने खनिज बैरियर के बगल में टायर पंचर की दुकान चलाता है। वह शुक्रवार की रात दुकान पर सोलह चक्का हाइवा गाड़ी का नया टायर फिट कर रहा था।
टायर में हवा ज्यादा होने के कारण उसका छल्ला छटक कर उसके सिर व हाथ में जा लगा। सिर में चोट लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसके घर व आसपास के लोग आनन फानन में उसे डाला बाजार स्थित निजी चिकित्सक के यहां ले गये। इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चोपन सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डाला पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि टायर का छल्ला छटक कर लगने से आरिफ की मौत हुई है। आरिफ दो भाई थे जिनमें वह छोटा था। उसकी एक बहन भी है। परिवार में हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
