सोनभद्र में जाम में खड़ी बस के पीछे गए परिचालक को ट्रक ने कुचला, मौके पर ही मौत
सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र में मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर देर रात जाम के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में निजी ...और पढ़ें

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, जाम में खड़े बस परिचालक की ट्रक से कुचलकर मौत।
HighLights
सोनभद्र में जाम के बीच बस परिचालक की मौत।
ट्रक की टक्कर से खाई में गिरा, परिचालक दबा।
पांच घंटे बाद क्रेन से निकाला गया शव।
जागरण संवाददाता, रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर गुरुवार की देर रात जाम के बीच हुए दर्दनाक हादसे में एक निजी बस के परिचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिसके नीचे परिचालक दब गया। पुलिस ने हिंडाल्को की क्रेन की मदद से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार की भोर लगभग चार बजे शव को बाहर निकाला।
पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि गुल हसन (58) पुत्र मोहम्मद इजराइल, निवासी प्रतापगढ़, अंबिकापुर से रेणुकूट के बीच चलने वाली निजी बस में परिचालक था। गुरुवार की रात मुर्धवा से हाथीनाला के बीच वाहनों की लंबी कतार लगने के कारण मुर्धवा मोड़ पर भारी वाहनों को रोक दिया गया था। इसके चलते करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई थी।
रात लगभग 11 बजे अंबिकापुर की ओर से बस पहुंची तो चालक ने भी जाम के कारण बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान गुल हसन बस के पीछे की ओर चला गया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि परिचालक सड़क किनारे खाई में गिरे ट्रक के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और परिचालक को बाहर निकालने के लिए हिंडाल्को प्रबंधन से क्रेन मंगाई गई। काफी प्रयास के बाद शुक्रवार की भोर करीब चार बजे शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन शुक्रवार दोपहर मौके पर पहुंचे और तहरीर देकर आगे की कार्रवाई शुरू कराई।
