पीएम के जन्मदिवस पर सोनांचल में होगा नमो मैराथन, दौड़ेंगे सोनभद्र के युवा, युवाओं में दिखेगा जोश
जनकल्याण सेवा समिति 15 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सोनभद्र में नमो मैराथन का आयोजन कर रही है। ...और पढ़ें

सोनभद्र में पीएम मोदी के जन्मदिन पर नमो मैराथन, युवाओं में दिखेगा उत्साह।
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 15 सितंबर को सोनभद्र में नमो मैराथन।
बालक-बालिका वर्ग में अलग दौड़, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार।
17-26 वर्ष के सोनभद्र निवासी युवा ही कर सकेंगे प्रतिभाग।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जनकल्याण सेवा समिति की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 15 सितंबर को नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में पत्रकार वार्ता हुई। समिति के सचिव डा. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि विगत वर्ष की तरह इस बार भी बालक और बालिका वर्ग में अलग-अलग मैराथन होगी।
बालक वर्ग की दौड़ होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचेगी। बालिका वर्ग की दौड़ चुर्क बाजार स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होगी और सर्किट हाउस पर समाप्त होगी। दोनों वर्गों में प्रथम विजेता को 21 हजार, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय को 5100 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। 21 अन्य प्रतिभागियों को 1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।
सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। डा. तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 से 26 वर्ष आयु के सोनभद्र निवासी अथवा यहां अध्ययनरत युवा ही भाग ले सकेंगे। सुरक्षा के लिए वालंटियर, प्रशिक्षक और चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। मार्ग में एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था भी होगी। आयोजकों ने युवाओं से अधिक संख्या में प्रतिभागिता की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही देश की असली पहचान हैं।
