सूखे कुएं में मिली लापता महिला, गंभीर
जागरण संवाददाता रामगढ़ (सोनभद्र) पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भुसौलिया गांव से बीते 17 नवंबर से लापता।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ (सोनभद्र) : पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भुसौलिया गांव से बीते 17 नवंबर से लापता शिवकुमारी कुशवाहा (65) वर्ष पत्नी स्व. रामनाथ कुशवाहा शनिवार की सुबह गांव में स्थित सूखे कुएं में अचेत मिलीं। हालांकि लोगों ने पहले यही सोचा कि वह मर चुकी हैं, लेकिन उन्हें जब कुएं से बाहर निकाला गया तो सांसें चल रही थीं। उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा में भर्ती कराया गया है।
गांव के कुछ लोग उत्तर दिशा में स्थित होमगार्ड प्रदीप देव पांडेय के सूखे कुएं की तरफ शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे गए हुए थे। इसी दौरान उनकी निगाहे कुएं में महिला पर पड़ी। पहचान शिवकुमारी के रूप में हुई जो चार दिन से लापता थीं। जानकारी मिलने के बाद उनके दोनों पुत्र महेंद्र और सुरेश मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। शिवकुमारी के पुत्र महेंद्र का कहना था कि उसकी मां 17 नवंबर की रात 11 बजे अचानक लापता हो गई थीं। रिश्तेदारी समेत अन्य जगहों पर खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला था।