विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में हादसे के बाद रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 02 Oct 2026 01:13 PM (IST)

सोनभद्र के रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर शुक्रवार रात एक ट्रक के दूसरे खराब ट्रक से टकराने के बाद भीषण जाम लग ...और पढ़ें

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसे के बाद रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर लगा लंबा जाम, लोग घंटों फंसे रहे।

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसे के बाद रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर लगा लंबा जाम, लोग घंटों फंसे रहे।

HighLights

  1. रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर ट्रक टक्कर से भीषण जाम।

  2. राहगीरों, स्कूली बच्चों को घंटों तक हुई परेशानी।

  3. क्रेन से ट्रक हटने के बाद यातायात बहाल हुआ।

जागरण संवाददाता, रेणुकूट (सोनभद्र)। रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे सड़क हादसे के बाद भीषण जाम लग गया। सड़क किनारे खराब होकर खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक सड़क पर ही फंस गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

गनीमत रही ड्राइवर बाल बाल बच गया। हादसे के बाद रेणुकूट-म्योरपुर मार्ग के साथ ही रेणुकूट-हाथीनाला मार्ग पर भी दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह 10 बजे तक मुर्धवा से रेणुकूट के बीच भी जाम लग गया, देखते ही देखते जाम कई किलोमीटर तक पहुंच गया। रात से लगे जाम के कारण राहगीरों, स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को शुक्रवार की सुबह भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी दिक्कत हुई। जाम के चलते कई लोग घंटों तक अपने वाहनों में फंसे रहे। जरूरी काम से जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह के समय मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया।

शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेणुकूट क्षेत्र में सिंगल रूट होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती है। सड़क पर किसी वाहन के खराब होने या दुर्घटना होने के बाद पूरा यातायात प्रभावित हो जाता है। लोगों ने मार्ग को चौड़ा करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है, ताकि आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।