भूमि विवाद में चटकीं लाठियां, पांच जख्मी
जागरण संवाददाता घोरावल (सोनभद्र) स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की देर शाम दो पक्षों में हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र) : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की देर शाम दो पक्षों में हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
सेमरा गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर हमला करने में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। इस घटना में एक पक्ष से रीता देवी (24) पत्नी सुशील कुमार, संतरा देवी (25) पत्नी शीतला प्रसाद तथा दूसरे पक्ष से रन्नो देवी (23), उसका पति सुभाष (27) और उसकी सास विमला देवी (48) घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रीता देवी, रन्नो देवी और विमला देवी को अधिक चोट लगने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने एक पक्ष से रीता देवी पत्नी सुशील कुमार की तहरीर पर सुभाष व सोनू पुत्रगण रमेश, रन्नो देवी पत्नी सुभाष और विमला देवी पत्नी रमेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दूसरे पक्ष से रन्नो देवी पत्नी सुभाष की तहरीर पर सुशील कुमार पुत्र मुन्ना, संतरा देवी पत्नी शीतला प्रसाद और रीता देवी पत्नी सुशील कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक सुभाष, रीता देवी, रन्नो देवी, संतरा देवी व विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है।