सोनांचल में सामाजिक समीकरण साधने के साथ भाजपा के संगठन को धार देंगे कौशलेन्द्र पटेल
भारतीय जनता पार्टी ने कौशलेन्द्र सिंह पटेल को सोनभद्र का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। पिछड़ा वर्ग से आने वाले ...और पढ़ें

कौशलेन्द्र पटेल सोनभद्र में भाजपा संगठन को देंगे नई धार, सामाजिक समीकरणों पर भी नजर।
HighLights
कौशलेन्द्र पटेल बने सोनभद्र भाजपा के नए जिला प्रभारी।
पिछड़ा वर्ग से आने वाले पटेल का सोनभद्र से पुराना जुड़ाव।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की होगी चुनौती।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए कौशलेन्द्र सिंह पटेल को सोनभद्र का जिला प्रभारी बनाया है। पिछड़ा वर्ग से आने वाले कौशलेन्द्र पटेल के सोनभद्र से पुराने और गहरे रिश्ते रहे हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती के साथ ही जिले के सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कौशलेन्द्र पटेल वाराणसी के पूर्व महापौर और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य रह चुके हैं। पूर्वांचल की राजनीति और संगठन में लंबे अनुभव के साथ उनका सोनभद्र में भी सक्रिय जुड़ाव रहा है। इसी वर्ष जनवरी में वह जिले में आयोजित विधायक खेल महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ संवाद किया था।
जिले से उनका यह पुराना संपर्क अब जिला प्रभारी की नई जिम्मेदारी में संगठन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। सोनभद्र सामाजिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। आदिवासी बहुल जिले में आदिवासी समाज के साथ पिछड़ा वर्ग और अन्य सामाजिक समूहों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
ऐसे में पिछड़ा वर्ग के अनुभवी नेता को संगठन की जिम्मेदारी सौंपे जाने को सामाजिक पहुंच बढ़ाने की दिशा में भी देखा जा रहा है। उनके सामने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पार्टी की पहुंच को और विस्तार देने की चुनौती होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने कहा कि कौशलेन्द्र पटेल के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ सोनभद्र में पार्टी को मिलेगा। जिले से उनका पुराना जुड़ाव कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने में सहायक होगा। उनके आने से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत ने कहा कि कौशलेन्द्र पटेल अनुभवी संगठनकर्ता हैं और पूर्वांचल की राजनीतिक परिस्थितियों से भलीभांति परिचित हैं। सोनभद्र की जिम्मेदारी मिलने से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी। कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
नई जिम्मेदारी के साथ कौशलेन्द्र पटेल के सामने संगठन को एकजुट रखते हुए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की चुनौती होगी। सोनभद्र से उनके पुराने रिश्ते, संगठनात्मक अनुभव और पिछड़ा वर्ग से जुड़ाव के बीच भाजपा की यह नियुक्ति जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
