सोनभद्र में प्रेम संबंध के शक में पति ने चाकू से गोदकर की पत्नी की हत्या
सोनभद्र के अनपरा में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह ...और पढ़ें

सोनभद्र में अवैध संबंध के शक में पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी फरार।
HighLights
अनपरा में पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी को चाकू मारा।
गंभीर रूप से घायल पत्नी की उपचार के दौरान मौत हुई।
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज गांव में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से 24 वर्षीय मैना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि घटना के बाद उसका समुचित उपचार कराने के बजाय उसे घर पर ही रखा गया।
हालत बिगड़ने पर शनिवार को स्वजन उसे संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका के दो बच्चे हैं। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अनपरा थाने के एसआइ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डिबुलगंज निवासी राजरूप धरिकार का दो अक्टूबर की शाम अपनी पत्नी मैना कुमारी से विवाद हुआ था। बताया गया कि राजरूप पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान राजरूप ने चाकू से मैना के पेट पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गई।
घटना के बाद महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही रखा गया। पुलिस को भी घटना की तत्काल जानकारी नहीं दी गई। पेट में चाकू लगने से घायल महिला की हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई। शनिवार को जब स्थिति गंभीर हो गई तो परिजन उसे संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान रविवार को मैना ने दम तोड़ दिया।
बेटी की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता अच्छे लाल रविवार को अनपरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दामाद के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
