विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में 14 साल की बेटियों को लगेगा एचपीवी टीका, 17 सितंबर तक चलेगा अभियान

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 09 Sep 2026 04:44 PM (IST)

सोनभद्र में 14-15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चल रहा है। 17 ...और पढ़ें

सोनभद्र में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज।

सोनभद्र में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज।

HighLights

  1. सोनभद्र में 14-15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी टीका।

  2. सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 17 सितंबर तक अभियान जारी।

  3. टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति और यू-विन पंजीकरण अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। शासन के निर्देश पर 14 से 15 वर्ष तक की किशोरियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। जनपद में 22567 किशोरियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 67 प्रतिशत का टीकाकरण हो चुका है।

अब 33 प्रतिशत किशोरियों को लक्ष्य के अनुसार 17 सितंबर तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाया जाएगा। अभियान के तहत ऐसी किशोरियां पात्र होंगी, जिनका 14वां जन्मदिन हो चुका है और 15वां जन्म दिन अभी शेष है। अभियान को संचालित करने लिए मुख्य चिकित्साधिकारी नोडल होंगे।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय कर अभियान की निगरानी की जाएगी। विद्यालयों में शिक्षकों के माध्यम से बालिकाओं और अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर तथा एचपीवी टीके के महत्व की जानकारी दी जाएगी। आशा व अन्य स्वास्थ्यकर्मी पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे।

टीकाकरण के लिए जरूरी होगी अभिभावक की सहमति

एचपीवी टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य की गई है। स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण से पहले माता-पिता को टीके के संबंध में जानकारी देने और सहमति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक लाभार्थी का पंजीकरण और टीकाकरण का विवरण यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर समेत नियमित टीकाकरण स्थलों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। सामान्यतः टीकाकरण सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक होगा। स्थानीय आवश्यकता के अनुसार अवकाश और सप्ताहांत में भी सत्र आयोजित किए जा सकेंगे।

गंभीर बीमारियों से पीड़ित किशोरियों का नहीं होगा टीकाकरण

अभियान के तहत स्वस्थ्य किशोरियों को ही टीकाकरण होगा। मध्यम या गंभीर बीमारी से पीड़ित किशोरियों को स्वस्थ होने तक टीकाकरण नहीं कराया जाएगा। पूर्व में टीकाकरण से गंभीर एलर्जी अथवा यीस्ट से एलर्जी वाली, गर्भवती, निर्धारित आयु से बाहर की तथा पहले एचपीवी टीका लगवा चुकी बालिकाओं को टीका नहीं लगाया जाएगा। टीकाकरण के बाद बालिका को कम से कम 30 मिनट तक किशोरियों को निगरानी में रखा जाएगा। अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ टीकाकरण से संबंधित दस्तावेज, फोटो और वीडियो भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर नौ से साढ़े 13 साल की लड़कियों का भी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण हो रहा है। 35,330 लड़कियों का लक्ष्य है। इसमें से पिछले दो दिनों में 6,689 लड़कियों को टीका लगाया जा चुका है। 17 सितंबर तक टीकाकरण का लक्ष्य विभाग पूरा कर लेगा। 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को भी टीका लगाया जा रहा है।

-

डा. गिरधारी लाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, सोनभद्र।