सोनभद्र में कार के डैशकैम में दर्ज हुआ हादसे का वीभत्स नजारा, कहीं आप भी तो वाहन चलाते समय यह गलती नहीं करते
सोनभद्र के रेणुकूट में हिंडालको पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में घायल 21 वर्षीय संजय कुमार की इलाज ...और पढ़ें
HighLights
रेणुकूट में सड़क हादसे में युवक संजय कुमार की मौत।
हादसे का डैशकैम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता (रेणुकूट) सोनभद्र। स्थानीय रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित हिंडालको पेट्रोल पंप के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर-1 गांधी नगर इंद्रासन झोपड़ी निवासी प्रेमलाल पुत्र स्वर्गीय रामदुलारे साकेत ने तहरीर देकर बताया है कि उनका 21 वर्षीय पुत्र संजय कुमार और उनके साढ़ू का पुत्र पप्पू कुमार रविवार शाम करीब पांच बजे बाइक से रेणुकूट स्थित नानसेंस होटल में काम पर जा रहे थे।
इसी दौरान हिंडालको पेट्रोल पंप के पास एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले हिंडालको अस्पताल ले जाया गया, जहां से संजय कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि पप्पू कुमार का उपचार अभी जारी है।
उधर, हादसे का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार में लगे डैशकैम के फुटेज में कार चालक सामान्य गति से वाहन चलाते हुए इंडिकेटर देकर दूसरी लेन में मुड़ता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पीछे से आकर कार से टकरा जाती है, जिससे दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरते हैं और गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। लेकिन डैशकैम की कहानी के मुताबिक बिना हेलमेट के बाइक सवार धीमी गति से टर्न हो रही कार से टकराते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। संजय कुमार की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
पुलिस प्रशासन ने भी इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। हालांकि कार की धीमी गति और बाइक की तेज गति की पूरी रिकार्डिंंग डैशकैम में होने से पुलिस को जांच में काफी सहूलियत होगी। माना जा रहा है कि डैशकैम से हादसे की पूरी कहानी अब सामने आ गई है। देखना है कि गलती किसकी है यह पुलिस कब बताती है।
