आज ईवीएम में बंद होगी 12 प्रत्याशियों की किस्मत
जागरण संवाददाता सोनभद्र लोकतंत्र के महापर्व को शांतिपूर्ण सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार कर्मी तैयारी पूरी कर लिए।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : लोकतंत्र के महापर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार से लोढ़ी स्थित राजकीय पालीटेक्निक कालेज से पोलिग पार्टियों को रवाना किया गया। सुबह छह बजे से आठ बजे तक कार्मिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई उसके बाद सबकी ड्यूटी बांटी गई। सभी कार्मिकों को ठीक से ड्यूटी मिल सके उनको कोई परेशानी न हो इसके लिए कुल 66 टेबल लगाए गए थे। यहां की कमान जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल स्वयं संभाले हुए थे। पोलिग पार्टिग शाम चार बजे तक अपने-अपने बूथों पर पहुंच गई।
पालीटेक्निक कालेज में सुबह आठ बजे से जब ड्यूटी बंटनी शुरू हुई तो दस बजे तक ड्यूटी करीब-करीब बंट गई। पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय की ड्यूटी देने के साथ ही पुलिस कर्मियों को भी ड्यूटी दे दी गई। इसके बाद टोली बनाकर रूट के हिसाब से पोलिग पार्टियों को बस में बैठाकर रवाना किया गया। रवानगी के दौरान काफी गहमा-गहमी का माहौल रहा। कार्मिकों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को एक जगह बैठाया गया था। उनके इलाके के पोलिग बूथ से जुड़े कार्मिक अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट से संपर्क करके रवाना हुए। पहुंचने के बाद सभी ने अपने-अपने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को रिपोर्ट किया। कुल 1475 पोलिग पार्टियां रवाना की गई हैं। ड्यूटी कटवाने को लेकर रहे परेशान
लोकसभा चुनाव के लिए जिन लोगों की चुनावी ड्यूटी लगी थी उनमें कई ऐसे थे जो ड्यूटी कटवाना चाहते थे। वे राजकीय पालीटेक्निक कालेज में पहुंचकर अधिकारियों की मिन्नत करते नजर आए। कोई अपनी बीमारी तो कोई अपने परिजनों की बीमारी की बात करता नजर आया। अधिकारी भी मौके से कार्मिकों की समस्या देखकर ड्यूटी काटे। हालांकि जिनकी ड्यूटी नहीं कटी वे निराश नजर आए। कइयों ने अपनी ड्यूटी रिजर्व में लगवाई। इनके पक्ष में डाले जाएंगे वोट
राबर्ट्सगंज लोकसभा सीट से 12 प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान होगा। यानि रविवार को इन सूरमाओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इसमें अपना दल (एस)-भाजपा गठबंधन से पकौड़ी लाल कोल, सपा-बसपा गठबंधन से भाईलाल, कांग्रेस से भगवती प्रसाद चौधरी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से रूबी प्रसाद, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया से अशोक कुमार कनौजिया, जनता दल यू से अनिता कोल, भारतीय लोकमत से अनुज कुमार कनौजिया, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से कैलाश, आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट से एसआर दारापुरी, भारत प्रभात पार्टी से सुनील कुमार, निर्दलीय प्रभुदयाल व विद्यासागर कुरील हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप