नियम विरुद्ध स्थानांतरण नीति से रोष
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उप्र द्वारा शुक्रवार को लखनऊ में एक बैठक फील्ड हास्टल में आयोजित की गई।जिसमें कार्मिकों के नियम विरूद्ध किए जा रहे स्थानान्तरण पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गयी।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश द्वारा शुक्रवार को लखनऊ में बैठक फील्ड हास्टल में आयोजित की गई। इसमें कार्मिकों के नियम विरुद्ध किए जा रहे स्थानांतरण पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि पदाधिकारियों के नियम विरुद्ध 15 जुलाई के बाद भी मनमाने ढंग से किये जा रहे स्थानांतरण को अविलम्ब निरस्त किया जाय। कहा कि स्थानांतरण नीति संगठन के पदाधिकारियों, विकलांग कर्मचारी, गम्भीर रोगों से ग्रसित कार्मिकों व महिला कर्मियों पर लागू किया जा रहा है। बैकडेट में किये जा रहे स्थानांतरण से कार्मिकों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। प्रबंधन उद्योग में बेहतर कार्य संस्कृति के स्थान पर भय का वातावरण पैदा कर विद्युत उद्योग को चौपट करने में लगा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप