दिनभर चलती रहीं सर्द हवाएं, ठिठुरे रहे लोग
जिले का पारा लगातार गिरता जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते सुबह 10 बजे तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। ठंड का आलम यह रहा कि जो भी घर से बाहर निकला पूरी तरह से गर्म कपड़ों से ढका रहा। कोहरे के कारण जिले से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेन देरी से चलीं और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।
जासं, सोनभद्र : जिले का पारा लगातार गिरता जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते सुबह 10 बजे तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। ठंड का आलम यह रहा कि जो भी घर से बाहर निकला पूरी तरह से गर्म कपड़ों से ढका रहा। कोहरे के कारण जिले से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेन देरी से चलीं और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या भी कम हो गई है। दोपहर में धूप निकलने के बावजूद सर्दी से राहत नहीं मिली। लोग अलाव के सहारे सर्दी दूर करने की कोशिश करते रहे। रविवार को जिले के अधिकांश इलाकों की सुबह घने कोहरे से ढकी रही, शहर में भी सुबह के वक्त कोहरा छाया रहा। सर्द हवाएं चलने से लोग घरों में दुबके रहे। 10 बजे खुलने वाला बाजार करीब 11 बजे खुला।
अवकाश का दिन होने के कारण अधिकांश लोग घरों में ही पूरा दिन गुजारना बेहतर समझा। इसके अलावा अगर किसी को जरूरी काम से बाइक से कहीं बाहर जाना भी रहा तो रुक-रुक कर अपने गंतव्य तक पहुंचा। वहीं दूसरी ओर कई लोग गलन की वजह से बाइक के बजाए बस से यात्रा करना बेहतर समझा। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल में ठंड से होने वाली बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को भी दर्जनों मरीज खांसी, जुकाम, सांस, बुखार आदि से ग्रसित अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भी ठंड से बचने के लिए कर्मचारी हीटर जलाकर बैठे मिले, जबकि तीमारदारों और रैन बसेरा के पास अलाव के पास लोग हाथ सेंकते मिले। पालिका की ओर से भी जहां पर अलाव जलाए गए हैं वहां पर लोगों की भीड़ रही।
अनपरा : गुजरते साल के अंतिम दौर में ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सर्द हवाओं से ऊर्जांचल में पारा काफी घट गया है। सुबह-शाम लोग घरों में दुबकने के लिए विवश हो गये हैं। क्षेत्र में कहीं भी अलाव नहीं जलाए जाने से गरीब तबके के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कड़ाके की गलन व ठंड से राहत के लिए कुछ दुकानदार अपने दुकानों के सामने कागज-लकड़ी इकट्ठा कर उसे जलाकर राहत पाने की कुछ कोशिश कर रहे हैं। जहां आग व धुआं दिखाई पड़ रहा है वहां सड़क पर घूम रहे जानवर ठंड से बचने के लिए खड़े हो जा रहे हैं। अनपरा-शक्तिनगर के बीच कई कोल परियोजनाएं हैं। स्थानीय पुलिस यदि चाहे तो प्रबंधन से बातकर अलाव जलाने के लिए आसानी से कोयला उपलब्ध कराकर अलाव जलवा सकती है। पूर्व में ऐसा होता भी रहा है। लेकिन प्रशासन को जनहित मुद्दों से कोई सरोकार नही रह गया है। आंकड़ों में पिछले पांच दिन का तापमान पारा अधिकतम न्यूनतम
रविवार 20 डिग्री 3 डिग्री
शनिवार 16 डिग्री 2.1 डिग्री
शुक्रवार 16.1 डिग्री 5 डिग्री
गुरुवार 17 डिग्री 4 डिग्री
बुधवार 19 डिग्री 6 डिग्री