विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र के प्राचीन मंदिर से शिवलिंग समेत चार मूर्तियां चोरी, हनुमान प्रतिमा तोड़ने का प्रयास

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 03:51 PM (IST)

सोनभद्र के शाहगंज स्थित दो सौ साल पुराने शिव मंदिर से शिवलिंग सहित गणेश और पार्वती की स्फटिक मूर्तियां तथा ...और पढ़ें

सोनभद्र के प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग और मूर्तियां चोरी ग्रामीणों में आक्रोश।

सोनभद्र के प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग और मूर्तियां चोरी ग्रामीणों में आक्रोश।

HighLights

  1. सोनभद्र के प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग, गणेश, पार्वती मूर्तियां चोरी।

  2. अराजक तत्वों ने हनुमान प्रतिमा को तोड़ने का भी प्रयास किया।

  3. ग्रामीणों में भारी आक्रोश, मूर्तियों की बरामदगी तक धरने पर।

जागरण संवाददाता, शाहगंज (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मुड़िलाडीह पठकागांव स्थित करीब दो सौ वर्ष पुराने शिव मंदिर में शनिवार की रात अराजक तत्वों ने आस्था पर गहरी चोट पहुंचाई। मंदिर से प्राचीन शिवलिंग, गणेश जी की स्फटिक मूर्ति, माता पार्वती की स्फटिक मूर्ति और बड़ा पीतल का घंटा गायब कर दिया गया।

इतना ही नहीं, मंदिर में स्थापित प्राचीन हनुमान जी की प्रतिमा को भी तोड़ने का प्रयास किया गया। प्रतिमा पर प्रहार के निशान स्पष्ट दिखाई दिए। रविवार को घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

भगवनिया तालाब के किनारे स्थित यह प्राचीन मंदिर गांव ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। सूचना मिलते ही गांव के युवकों ने तालाब में भी मूर्तियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

गांव निवासी जनार्दन पाठक ने बताया कि सुबह मंदिर से मूर्तियां और घंटा गायब होने की जानकारी मिली तो ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि करीब दो सौ साल पुराने मंदिर में हुई घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। मंदिर के पुजारी जितेंद्र ने बताया कि मंदिर बेहद प्राचीन है और ऐसी घटना पहली बार हुई है।

शिवलिंग व मूर्तियां गायब करना और हनुमान प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास गंभीर मामला है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण मंदिर परिसर में डटे थे। उनका कहना था कि जब तक मूर्तियां बरामद नहीं होतीं और आरोपित पकड़े नहीं जाते, वे यहां से नहीं हटेंगे।