सोनभद्र में बस से खींच कर बस चालक की पिटाई, अगवा करने के प्रयास में चार पर मुकदमा दर्ज
सोनभद्र में एक निजी बस चालक को बस से खींचकर अगवा करने और पीटने का प्रयास किया गया। पुलिस ने ...और पढ़ें

सोनभद्र में बस चालक को अगवा करने का प्रयास, पिटाई के बाद चार पर केस दर्ज।
HighLights
निजी बस चालक को बस से खींचकर अगवा करने का प्रयास।
सोनभद्र के खरुआव ब्लाक के पास हुई घटना।
एक नामजद समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र)। खरुआव ब्लाक के पास एक पुल के नजदीक निजी बस चालक को बस से खींचकर अगवा करने का प्रयास किया गया। चालक ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। चालक की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवसी राजकुमार ने घोरावल थाना पर तहरीर दिया कि वह एक प्राइवेट बस का चालक है और प्रतिदिन राबर्ट्सगंज से घोरावल सवारियों को ले जाता है। गुरुवार को सुबह करीब 9.30 बजे जब बस राबर्ट्सगंज से घोरावल की तरफ आ रही थी और खरुआंव ब्लाक स्थित एक पुल के पास पहुंची तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने बस रोकने का इशारा किया।
वहीं सड़क के किनारे एक सफेद रंग की कार खड़ी थी, जिसका नंबर प्लेट मिट्टी से ढका था। जब उन्होंने बस रोका तो कार मे से तीन और लोग निकले और चारो व्यक्ति उसे पीटते हुए खींचकर कार मे जबरदस्ती बैठा लिये। उस समय बस का कंडक्टर रिंकू व कुछ सवारियां भी थी। आरोपित उसे कार में बैठाकर चुनार रोड की तरफ करीब 40 किमी शक्तेषगढ ले गये। वह मौका देखकर वहां से भाग निकला।
उन चारों मे से एक का नाम सुरेश पटेल निवासी ग्राम धोवा थाना शाहगंज है। तीन अज्ञात हैं। चार दिन पूर्व सुरेश पटेल के भाई सोनू पटेल से उसका सवारी बैठाने को लेकर विवाद हुआ था। घटना की जानकारी बस कंडक्टर ने 112 नंबर पर सूचना भी दी थी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपित सुरेश पटेल व उसके तीन साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
