हेरोइन तस्करों के गैंग का फाइनेंसर बाराबंकी से गिरफ्तार, सोनभद्र पुलिस की विशेष टीम ने घर से दबोचा
सोनभद्र पुलिस ने हेरोइन तस्करों के गैंग के फाइनेंसर मोहम्मद वकील को बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। वह 17 अगस्त ...और पढ़ें

सोनभद्र पुलिस ने बाराबंकी से दबोचा हेरोइन तस्करों के गैंग का फाइनेंसर मोहम्मद वकील।
HighLights
हेरोइन तस्करों के फाइनेंसर मोहम्मद वकील को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया।
सोनभद्र पुलिस की विशेष टीम ने उसके घर से दबोचा।
वह तस्करी नेटवर्क को वित्तीय सहायता प्रदान करता था।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। हेरोइन तस्करों के गैंग के फाइनेंसर बाराबंकी जनपद के जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरा मुर्तजा निवासी मोहम्मद वकील को बुधवार को पुलिस टीम ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और सोनभद्र में चोपन में तीन मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस ने 17 अगस्त को चोपन थाना क्षेत्र से दो लग्जरी कार से एक किलो 204 ग्राम हेराेइन बरामद किया था। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील का नाम सामने आया थ। तब से पुलिस इसकी लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि विवेचना में वकील की भूमिका तस्करी नेटवर्क को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आई है।
जांच में पता चला था कि आरोपितों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसके माध्यम से लखनऊ, बाराबंकी आदि स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री कराई जाती है। इस नेटवर्क के माध्यम से विशेषकर युवाओं तक मादक पदार्थ पहुंचाए जाने से उनके स्वास्थ्य एवं पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एसपी ने आरोपित मोहम्मद वकील की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किया था और बाराबंकी भेजा था। गिरफ्तार करने वाली टीम में साइबर थाना के उप निरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र सरोज, राजेश यादव शामिल रहे।
बता दें कि 17 अगस्त को चोपन पुलिस ने हेरोइन बरामदगी के मामले में डाला निवासी आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार उर्फ छोटू, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेंद्र कुमार, हाशिम, रमेश चंद्रवंशी, बाराबंकी निवासी सुल्तान उर्फ अमीर, उसकी पत्नी शबाना खातून, रेणुसागर निवासी लता दीदी, अनपरा निवासी दीपक शाहू, अज्ञात पता का अकरम व दो तीन लड़कों को नामजद किया था।
तब पुलिस ने बसकटवा मोड़ के पास क्रेटा व थार कार को रोका था। उस पर सवार डाला बाजार निवासी आयुष जायसवाल, दो सगे भाई धर्मवीर, सुधीर कुमार उर्फ छोटू, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया था।
