महंगाई के विरोध में सपाजनों का विरोध प्रदर्शन
जागरण संवाददाता सोनभद्र बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगल।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : बढ़ती महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राबर्ट्सगंज के पन्नूगंज रोड पर जुलूस निकाला और राम जानकी मंदिर के समीप विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पेट्रो पदार्थ सस्ता करने की मांग की।
जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि इन दिनों आलू, प्याज के दामों में वृद्धि हुई है। इस वजह से महंगाई चरम पर है। हाथ में आलू, प्याज लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मूल्य कम करने की मांग की। भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है। यह सरकार केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। गोदाम में प्याज सड़ रहे हैं, आम आदमी की थाली से दाल, आलू गायब है। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी के साथ ही व्यापारी, किसान, नौजवान सभी परेशान है। पेट्रो पदार्थों के मूल्य अगर कम कर दिए जाएं तो महंगाई पर काफी हद तक अंकुश लग जाएगा। कहा कि शीघ्र आमजन से जुड़े मामलों का निस्तारण नहीं हुआ तो सपा कार्यकर्ता बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में गोपाल गुप्ता, मोती कोल, अनिल सोनकर, दीपक विश्वकर्मा, मनोज केशरी, राजू सोनी, सुरेश अग्रहरि , मुन्ना कुशवाहा आदि शामिल रहे।