प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद, 55 फीसद मतदान
जिले में पंचायत उप चुनाव के लिए मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। जिला पंचायत के वार्ड आठ राजपुर के लिए हुए मतदान में 57 बूथों पर लगभग 55 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी बूथों पर फोर्स दिए गए थे।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जिले में पंचायत उप चुनाव के लिए मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिला पंचायत के वार्ड आठ राजपुर के लिए हुए मतदान में 57 बूथों पर लगभग 55 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी बूथों पर फोर्स दिए गए थे। सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि मतदान बिल्कुल शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतगणना आठ जु़लाई को सदर ब्लाक परिसर में की जाएगी। श्री मिश्रा ने बताया कि शनिवार की देर शाम तक पोलिग पार्टियों का सदर ब्लाक में बने स्ट्रांग रूम में आने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को हुए मतदान में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। काफी संख्या में लोग घरों से निकले तथा अपने वोट का प्रयोग किया। जिले के एक मात्र जिला पंचायत सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में मतदाताओं ने अपना जोश दिखाया। इस पद के लिए तीन प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे थे। वहां की स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर रखे थे। सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल नियुक्त किए गए थे। सभी 57 बूथों पर शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। जिला पंचायत के वार्ड आठ राजपुर सीट की सदस्य रहीं बीना सिंह के निधन के बाद खाली हुए इस सीट पर तीन प्रत्याशी अपनी-अपनी दावेदारी ठोंक रहे थे, जिनके भाग्य का फैसला मतदाताओं ने करते हुए शनिवार को मत पेटियों में बंद कर दिया। राजपुर सीट पर प्रत्याशी के जीत-हार का अंतर क्षेत्र के 39 हजार 988 मतदाता तय कर चुके हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि सकुशल चुनाव सम्पन्न कराने के लिए कुल 57 बूथ बनाए गए थे। बताया कि मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक चला।