सोनभद्र में छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन, बाजार मूल्य पर मुआवजे की मांग
भारतीय किसान संघ ने सोनभद्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत ...और पढ़ें

सोनभद्र में किसानों का प्रदर्शन, बाजार मूल्य पर मुआवजे सहित छह सूत्रीय मांगें।
HighLights
भारतीय किसान संघ ने सोनभद्र में किसानों की समस्याओं पर प्रदर्शन किया।
विंध्य एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण का बाजार मूल्य पर मुआवजा मांगा।
उर्वरक कालाबाजारी रोकने, बिजली कटौती बंद करने की मांग उठाई।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने बुधवार को जिले के कई विकास खंडों में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राबर्ट्सगंज ब्लाक परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के माध्यम से सौंपा।
किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन किसानों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत होने वाली भूमि का मुआवजा बाजार मूल्य के आधार पर निर्धारित करने की मांग की गई। विस्थापित किसानों को अतिरिक्त राशि देने तथा निजी नलकूप, ट्यूबवेल और बगीचों का उचित मूल्यांकन कराने की बात कही गई।
किसान संघ ने खतौनी में अंश निर्धारण नहीं होने से फार्मर रजिस्ट्री में आ रही दिक्कत दूर कराने की मांग की। रबी सीजन से पहले सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने को कहा गया। उर्वरक की कालाबाजारी रोकने और महंगे दाम पर खाद बेचने वाले केंद्रों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती बंद कर निर्धारित समय पर आपूर्ति देने तथा धान खरीद में अनियमितता रोकने की मांग की गई। इस मौके पर रामविलास मौर्य, रमेश सिंह पटेल, भरतलाल, संपत राम मौर्य और घनश्याम सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
