विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अर्नब' चक्रवात के असर से उत्‍तर प्रदेश में बिजली की मांग में लगातार दूसरे दिन भी हुई भारी गिरावट

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 27 Sep 2026 03:31 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बिजली की मांग में भारी गिरावट दर्ज ...और पढ़ें

भारी बारिश से उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग धड़ाम, कई पावर प्लांट बंद।

भारी बारिश से उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग धड़ाम, कई पावर प्लांट बंद।

HighLights

  1. तीन दिनों की बारिश से यूपी में बिजली मांग गिरी।

  2. मांग में 13699 मेगावाट की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज।

  3. बिजली प्रबंधन ने दर्जनों उत्पादन इकाइयां बंद कीं।

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। यूपी के अधिकांश जिलों में पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश से बिजली की मांग लगातार दूसरे दिन भी धड़ाम से जा गिरी। बीते 24 घंटों में बिजली की मांग में करीब 7500 मेगावाट की गिरावट देखने को मिली। ऐसे में पिछले तीन दिनों पहले के मुकाबले 13699 मेगावाट के साथ प्रदेश में बिजली की मांग में इस साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे डिप्रेशन की वजह से पिछले तीन दिनों से प्रदेश के 60 से अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रहा। जिसकी वजह से तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज होने के कारण इसका सीधा असर बिजली की मांग पर पड़ा।

यूपीएसएलडीसी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 सितम्बर को प्रदेश में बिजली की कुल अधिकतम मांग 27577 मेगावाट दर्ज हुई थी। जो कि मौसम में अचानक बदलाव के बाद प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर शुरु होने पर अगले दिन 25 सितम्बर को घटकर 21380 मेगावाट दर्ज हुई।

लेकिन मांग घटने का सिलसिला यहीं नहीं रुका, अगले 24 घंटों में बिजली की अधिकतम मांग में एक बार फिर तेज गिरावट दर्ज हुई और यह 26 सितम्बर को घटकर 13878 मेगावाट तक जा पहुंची। ऐसे में बिजली प्रबंधन ने मांग अनुरूप बिजली आपूर्ति करने और मांग व उत्पादन में संतुलन बनाये रखने के लिए करीब दो दर्जन बिजली इकाइयों को बंद कर उत्पादन पर अस्थाई रुप से रोक लगा दी।

हालांकि मौसम विभाग ने 27 सितम्बर को भी प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से के जिलों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने की संभावनाएं भी जताई है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश में अभी अगले एक दो दिनों तक बिजली की मांग में तेज इजाफा होने के आसार कम हैं।