बकौली धान क्रय केंद्र पर पहुंच डीएम ने देखी व्यवस्था
जागरण संवाददाता सोनभद्र संपूर्ण समाधान में सम्मलित होने के बाद जिलाधिकारी एस. राजलिगम।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : संपूर्ण समाधान में सम्मलित होने के बाद जिलाधिकारी एस. राजलिगम ने मंगलवार को घोरावल तहसील क्षेत्र के धान क्रय केंद्र बकौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान क्रय केंद्र परिसर को देखा। इलेक्ट्रानिक कांटों को चेक किया, नमी मापक मशीन को चेक किया। इसके अलावा क्रय केंद्र पर रखे झरना को चेक करने के बाद बोर की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान क्रय केंद्र पर दो हजार बोरे मौजूद मिले।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के आने वाले धान की खरीददारी पंजीकरण के आधार पर किया जाए। क्रय केंद्र पर किसानों को शुद्ध पेयजल व बैठने की व्यवस्था हर हाल में मुकम्मल किया जाए। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि किसानों के धान आने पर उन्हें वरीयता क्रम से तत्परता के साथ लिया जाए। राजलिगम ने कहा कि खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल पेमेंट 24 घंटे के अन्दर कर दिए जाए। जिलाधिकारी ने बकौली क्रय केंद्र के निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्या को सुना और उसे दूर करने का आश्वासन दिया। किसानों से धान खरीद के बारे में जानकारी की और पंजीकरण तथा सत्यापन की स्थिति को जाना। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए फेसकवर, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के साथ ही बार-बार साबुन पानी से हाथ भी धोते रहें। इस मौके पर डिप्टी आरएमओ देवेंद्र सिंह, एडीसीओ नीरज आदि रहे। ग्राम न्यायालय भवन का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने घोरावल तहसील परिसर में ग्राम न्यायालय भवन का भी निरीक्षण किया। ग्राम न्यायालय भवन के अधूरे कामों को जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टूटी हुई फर्श को जल्द से जल्द ठीक करने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का भी निरीक्षण किया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी डा. अमित पाल शर्मा, उप जिलाधिकारी जैनेंद्र सिंह, तहसीलदार विकास पांडेय आदि रहे।