वन भूमि पर ढाबा संचालक कर रहे कब्जा
जागरण संवाददाता सोनभद्र चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी गांव में वन भूमि पर अतिक्रमण का खेल चल
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी गांव में वन भूमि पर अतिक्रमण का खेल चल रहा है। पेड़ों का कटान कराने के बाद पथरीली भूमि पर सब्जी उगाने की कोशिश की जा रही है। इस काम में परासपानी गांव में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित दो ढाबा संचालक संलिप्त हैं।
परासपानी गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के किनारे वन भूमि है। कई वर्ष पहले यहां एक ढाबा खुला। इसके बाद ढाबा संचालक ढाबा के पीछे वन भूमि पर लगे पेड़ों का कटान कर भूमि पर कब्जा करने लगा। यहां तक कि वन भूमि पर ही उसने शौचालय के लिए बड़ा सैफ्टी टैंक भी बनवा दिया है। सैफ्टी टैंक के पीछे पेड़ों को काटकर वन भूमि को बांस की टाटी से घेरा गया है। यहां ज्यादातर भूमि पथरीली है। बावजूद वन भूमि की जोताई कर उस पर क्यारी बनाई गई है। क्यारी में सब्जी लगाने की योजना बन रही है।
परासपानी बना बालू डंप स्थल
ढाबा के ठीक बगल में ओवरलोड वाहनों की पार्किंग हो रही है। पार्किंग स्थल के ठीक पीछे बालू डंप किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रतिदिन 25 से 30 ओवरलोड वाहन पार्किंग करते हैं। वाहनों से अतिरिक्त बालू गिरा दिया जाता है और फिर उसे ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा है।
वर्जन..
ढाबा के पीछे वन भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी पूर्व में मिली थी। 26 जनवरी के बाद मामले की जांच कराई जाएगी। यदि पेड़ों का कटान कर वन भूमि पर कब्जे का प्रमाण मिला तो संबंधितों से जुर्माना वसूलने के साथ ही कार्रवाई भी की जाएगी।
- अनिल सिंह, रेंजर, चोपन।