आंतकवाद के विरोध में किया प्रदर्शन
आतंकवाद के विरोध में देश बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आरटीएस क्लब के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कश्मीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की केंद्र सरकार से मांग की गई।
जासं, सोनभद्र : आतंकवाद के विरोध में देश बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आरटीएस क्लब के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कश्मीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की केंद्र सरकार से मांग की। संयोजक राजकुमार सोनी ने कहा कि आंतकी हमले में हुए शहीद मेजर व दो अन्य जवान घायल हो गए। आतंकवादियों का दिन-प्रतिदिन मन बढ़ता जा रहा है। आए दिन आतंकवादी हमले में बेकसूर जवान एवं आम लोग मारे जा रहे हैं। आखिर कब तक जवान शहीद होते रहेंगे और बहनों का सिदूर उजड़ता रहेगा। अब समय आ गया है कि कश्मीर समस्या का हल जल्द से जल्द केंद्र सरकार निकाले। स्थायी समाधान के लिए बांग्लादेश-पाकिस्तान सीमा पर दीवार बनाने का मांग की गई। अधिवक्ता शमशाद अहमद ने कहा कि आजादी के बाद से ही कश्मीर समस्या देश के लिए नासूर बन चुका है। इसका जितना जल्दी हो सके सरकार को निराकरण कर देना चाहिए। आतंकवादियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार हमारे जवान और भाई शहीद हो रहे हैं। चेतावनी देते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार जल्द कदम नहीं उठाई तो देशवासी सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में बनारसी, मनोज, राजेश, विनोद, हरिराम, बिहारी लाल, चंदन, नासिर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।