पूर्वांचल राज्य के लिए सदर तहसील में प्रदर्शन
सोनभद्र पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा के पदाधिकारियों ने बुधवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी की और पूर्वांचल राज्य के गठन की मांग की।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा के पदाधिकारियों ने बुधवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी की और पूर्वांचल राज्य के गठन की मांग की। कहा कि इससे शिक्षा, रोजगार और किसानों की तरक्की का रास्ता खुलेगा। क्योंकि यूपी का हिस्सा काफी बड़ा है।
तहसील परिसर में अधिवक्ता भवन के सामने राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार यादव के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। संगठन प्रमुख पवन कुमार सिंह ने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी और रसूख वाले राज्य को आज तक पिछड़ेपन से क्यों नहीं उबारा जा सका इस बात को लेकर यहां की जनता हमेशा चितित रहती है। पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर कई संगठनों ने आवाज उठाई है। खेती, शिक्षा, धर्म, संस्कृति और खनिज संपदाओं से भरपूर पूर्वांचल विकास की दौर में बहुत पीछे छूट गया है। पूर्वांचल प्रदेश के सबसे पिछड़े क्षेत्र में से एक है। प्रदेश का ये हिस्सा कला, संस्कृति और वैभवशाली इतिहास को धारण किए हुए है। इसके बावजूद भी यहां के नागरिक बुनियादी सुविधाओं की कमी, शिक्षा और रोजगार, कानून व्यवस्था की बिगड़ी हालत समेत तमाम समस्याओं से जूझते हैं। इसके बाद भी पूर्वांचल को हमेशा नजरअंदाज किया गया। बढ़ती आबादी को देखते हुए अब यूपी का बंटवारा हो जाना चाहिए, ताकि ठीक तरीके से प्रदेश का विकास हो सके। इसमें संगठन सचिव शिव प्रकाश चौबे, प्रदेश प्रवक्ता काकू सिंह, फूल सिंह, राजीव कुमार दत्ता, संतोष चतुर्वेदी अतुल कुमार कनौजिया, चंदन विश्वकर्मा, राजकुमार सिंह, दीपनारायण पटेल आदि मौजूद थे।