ठुरकी नदी के पास का मोड़ बना डेंजर जोन
बकरीहवां से बभनी मार्ग दिन प्रतिदिन खतरनाक होता जा रहा है। उक्त मार्ग पर आये दिन हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीण सहम गए हैं। इस मार्ग पर ठुरकी नदी के पास का मोड़ डेंजर जोन का रूप लेता जा रहा है। यहां अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हो चुके हैं।
जासं., बकरीहवां (सोनभद्र) : बकरीहवां से बभनी मार्ग दिन प्रतिदिन खतरनाक होता जा रहा है। उक्त मार्ग पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीण सहम गए हैं। इस मार्ग पर ठुरकी नदी के पास का मोड़ डेंजर जोन का रूप लेता जा रहा है। यहां अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हो चुके हैं।
बकरीहवां बाजार से आगे ठुरकी नदी के पास तीव्र मोड़ पर सड़क किनारे पड़े बड़े-बड़े पत्थर दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। बुधवार को हुई बाइक दुर्घटना में चालक बिहारी लाल घायल हो गया था। गनीमत थी कि चालक हेलमेट पहन कर बाइक चला रहा था। नहीं तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। इसी तरह पिछले साल भी महरिकला निवासी एक युवक की भी उन्हीं पत्थरों से टकरा कर जान चली गई थी। मोड़ पर सड़क किनारे पत्थर इस तरह पड़े हुए हैं कि रात में किसी को दिखाई ही नहीं देते और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन किसी तरह की सुनवाई नहीं हुई। बुधवार की रात हुई घटना के बाद नींद से जागे लोक निर्माण विभाग ने आनन-फानन उन पत्थरों पर लाल रंग से पें¨टग करा दी। ग्रामीण अनामिका जायसवाल ने बताया कि सड़क पर पड़े पत्थर खतरनाक होते जा रहे है। अक्सर रात में पत्थरों से वाहन टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जा रहे हैं। अवधेश तिवारी ने कहा कि सड़क किनारे पड़े पत्थर खतरनाक साबित होते जा रहे हैं। कई बार ग्रामीणों द्वारा पत्थर उठाने की मांग की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं मिला। लोगों ने यहां संकेतक लगाने की मांग की है।