दीपा के सिर सजा सावन तीज क्वीन का ताज
हिडाल्को स्टाफ क्लब में तीज क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस बार का सावन तीज क्वीन का ताज क्विज प्रतियोगिता में पूछे गए सवालों का बेबाकी से जवाब देने वाली व अन्य प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली दीपा सिंह के सिर बंधा।
जासं, रेणुकूट (सोनभद्र) : हिडाल्को स्टाफ क्लब में सोमवार को तीज क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस बार का सावन तीज क्वीन का ताज क्विज प्रतियोगिता में पूछे गए सवालों का बेबाकी से जवाब देने वाली व अन्य प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली दीपा सिंह के सिर बंधा। रिम्पल सिंह प्रथम उप विजेता व रश्मि सिंह को द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया।
हिडाल्को स्टाफ क्लब प्रांगण में सावन तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रियदर्शिनी टीम की अध्यक्ष पूर्णिमा सिंह ने मुख्य अतिथि ऋतु झुनझुनवाला को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, साथ ही प्रियदर्शिनी की टीम ने सावन गीत गाए तथा सामाजिक सरोकार के मुद्दों पर आधारित नाटकों का मंचन कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। इस मौके पर राजेश सिंह, माया सिंह, सुजाता सिंह आदि रहे।