सोनभद्र में घर के बाहर दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पर छोड़ा
सोनभद्र के घोरावल में एक घर के बाहर छह फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की ...और पढ़ें

सोनभद्र के घोरावल में घर के बाहर मिला 6 फीट का मगरमच्छ, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू।
HighLights
घोरावल के पड़वनिया गांव में घर के बाहर दिखा मगरमच्छ।
वन विभाग की टीम ने डेढ़ घंटे में किया सफल रेस्क्यू।
छह फीट लंबे नर मगरमच्छ को मुक्खा फाल कुंड में छोड़ा।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र)। पड़वनिया गांव में एक व्यक्ति के घर के बाहर सोमवार को छह फीट लंबा मगरमच्छ मिला। वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कर सुरक्षित छोड़ दिया। पोस्ट आफिस के पास अलगू के घर के बाहर मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार वह पास के नाले से निकलकर घर में घुसने का प्रयास कर रहा था।
मगरमच्छ को देखते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और वन विभाग को सूचना दी गई। वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर वन्यजीव रक्षक उज्ज्वल पांडेय के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम में ओमप्रकाश, बिंद्रा, रामलखन और राकेश शामिल रहे।
वनकर्मियों ने रस्सी और बांस की सहायता से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद छह फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को मुक्खा फाल कुंड में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बेलन व बकहर नदी तथा आसपास के तालाबों में मगरमच्छ पाए जाते हैं। उन्होंने मगरमच्छ दिखने पर उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की। बताया कि पकड़ा गया नर मगरमच्छ था।
