नीयत, नीति व सशक्त नेता के साथ आगे बढ़ रहा देश
भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की भावना से भरी है। हमारे पास नियत है नीति है और एक सशक्त नेता भी। नागरिकता संशोधन कानून दशकों से पीड़ित व असहाय तीन पड़ोसी देश के अल्पसंख्यकों को राहत देने वाला है। विपक्ष के पास जब कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा तो वह इसको लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर पूरे देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। यह बातें बेसिक शिक्षामंत्री व प्रभारी सतीश चंद्र द्विवेदी ने कही।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की भावना से भरी है। हमारे पास नीयत है, नीति है और एक सशक्त नेता भी। नागरिकता संशोधन कानून दशकों से पीड़ित व असहाय तीन पड़ोसी देश के अल्पसंख्यकों को राहत देने वाला है। विपक्ष के पास जब कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा तो वह इसको लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर पूरे देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। यह बातें बेसिक शिक्षामंत्री व प्रभारी सतीश चंद्र द्विवेदी ने सोमवार को राबर्ट्सगंज नगर में आयोजित कार्यकर्ता संगम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने स्थापत्यकाल से ही स्पष्ट नीति लेकर चलती आ रही है वह है राष्ट्रवाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश एक बार फिर से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। श्री द्विवेदी ने कहा कि धारा 370 को समाप्त करना पार्टी के प्रमुख एजेंडे में शामिल था। स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसको लेकर अपना बलिदान दे दिया जो अब जाकर सार्थक हुआ।
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि कार्यकर्ता संगम का मूल उद्देश्य अपने पार्टी के तीन पीढि़यों के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर उन्हे सम्मानित करना है। कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का मूल उद्देश्य यह था कि बंटवारे के समय जो अल्पसंख्यक समुदाय पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में रह गए और वहां किसी न किसी कारणों से प्रताड़ित हो रहे हैं उन्हे ससम्मान अपने मातृ देश यानि कि भारत में आकर रह सकें। बताया कि कई अल्पसंख्यक पिछले कई वर्षों से देश के अंदर होने के बावजूद उन्हे किन्ही कारणों से नागरिकता नहीं मिल सकी थी, उन्हे अब इस कानून से आसानी से नागरिकता मिलेगी। श्री बंसल ने कहा कि कांग्रेस, सपा व बसपा देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उनके इन मंसूबे को भाजपा का कार्यकर्ता कामयाब होने नहीं देगा। पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इस कानून को लेकर आप हर घर का दरवाजा खटखटाएं और उन्हे इसके बारे में विस्तार से बताएं।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि पूरा विपक्ष नागरिकता संशोधन कानून के मुद्दे पर देश के लोगों को गुमराह कर रहा है। उन लोगों ने में अराजकता का माहौल बना दिया है। देश की संपत्ति को फूंका जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि यह नागरिकता कानून देश को मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम के अंत में जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ नागरिकों को पार्टी के पदाधिकारियों ने सम्मानित भी किया। वहीं प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के लिए बूथ अध्यक्षों को रेडियो भी दिया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, सांसद पकौड़ी लाल कोल, जयप्रकाश चतुर्वेदी, संजय गोंड़, अनिल मौर्य, वीरेंद्र जायसवाल, रमेश मिश्र, छोटेलाल खरवार, ओंकार केशरी, अशोक मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, कृष्णमुरारी गुप्ता, दारा शिकोह, राजनारायण तिवारी आदि रहे।