महुली-जोरकहू संपर्क मार्ग का निर्माण रोका
जासं, महुली (सोनभद्र) : दुद्धी विकास खंड के महुली-जोरकहू संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुक्रवार को वन विभाग ने रोक दिया।
जासं, महुली (सोनभद्र) : दुद्धी विकास खंड के महुली-जोरकहू संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुक्रवार को वन विभाग ने रोक दिया। विभाग ने सुरक्षित वन क्षेत्र का हवाला देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाई है। अब कार्यदायी संस्था को एनओसी लगाने का निर्देश दिया गया है। उसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराने देने पर विचार किया जाएगा।
बता दें कि महुली-जोरकहु संपर्क मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जा रहा है। इसकी पूरी लंबाई आठ किमी है। इसमें लगभग चार किमी क्षेत्र कोरगी से जोरकहू तक पूरी तरह से सुरक्षित वन क्षेत्र में पड़ता है। जहां पर इन दिनों कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसे शुक्रवार को वन विभाग ने सुरक्षित वन क्षेत्र का हवाला देते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया। वन विभाग ने निर्माण कार्य कर रही संस्था से एनओसी लाने की बात कही है। सूत्रों के अनुसार बसपा के शासन काल में कोरगी से जोरकहू तक करीब चार किमी सड़क सुरक्षित वन क्षेत्र मे बना दिया गया था। अभी पिछले माह ¨वढमगंज रेंज का पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्रीय भ्रमण पर निकले नवागत रेंजर वीके श्रीवास्तव को जब इसकी जानकारी हुई तो शुक्रवार को उन्होंने तत्काल वनकर्मियों को भेजकर निर्माण कार्य बंद करा दिया। इस संबंध मे रेंजर ने बताया कि कहीं भी सुरक्षित वन क्षेत्र में कोई निर्माण कार्य करने से पहले वन विभाग से एनओसी प्रमाण पत्र लेना आवश्यक है। अगर बिना एनओसी लिए निर्माण कार्य किया जाता है तो कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच के घेरे में आएंगे कई
दुद्धी ब्लाक के महुली से जोरकहू तक पीएमजीएसवाइ के तहत हो रहे बिना एनओसी के निर्माण कार्य पर यहां पर पूर्व मे तैनात दर्जन भर वनकर्मी जांच के घेरे में आ सकते हैं। पूर्व में करीब चार किमी संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य सुरक्षित वन क्षेत्र में बिना एनओसी के ही करा दिया गया है जिसकी जांच हो सकती है।