पुलिस से झड़प के बाद कांग्रेसजनों ने लगाया जाम
जागरण संवाददाता सोनभद्र उतर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जुलूस निकाला और बढ़ौली चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : उतर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जुलूस निकाला और बढ़ौली चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई।
जिलाध्यक्ष रामराज गोड़ की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से जुलूस निकाला। जुलूस जैसे ही बढ़ौली चौराहा पहुंचा पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। पुलिस द्वारा रोके जाने से भड़के कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और सभा करने लगे। जिससे जाम लग गया। प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी राजन दुबे ने कहा कि देश में जब से भाजपा की सरकार आई है, लगातार डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के साथ ही सरसों के तेल एवं खाद्य पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता त्रस्त है। डीजल के दाम में बढ़ोतरी से किसानों को कृषि कार्य में भी लागत मूल्य ज्यादा आ रहा है। केंद्र सरकार महंगाई रोकने में विफल साबित हुई है। यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने कहा कि भाजपा की सरकार में महंगाई चरम पर है। किसान और युवा परेशान हैं। केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं को अनसुना कर रही है जबकि सत्ता पाने के लिए बीजेपी ने कहा था कि सरकार आने पर महंगाई कम करेंगे लेकिन आज तो महंगाई कई गुना बढ़ गया है। उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा ने कहा की सरसों का तेल दो सौ रुपये किलो, डीजल और पेट्रोल सौ रुपये के करीब पहुंच गया है। जिससे आमजनता पर महंगाई की मार पड़ रही है। इस मौके पर अरविद सिंह, जितेंद्र पासवान, विनोद तिवारी, आशुतोष दुबे, विमला देवी, संगीता श्रीवास्तव, उषा चौबे, रुखसार नाज, नागेश पाठक, बृजेश तिवारी, शत्रुंजय मिश्रा, नामवर कुशवाहा, धीरज पांडे, अमित चतुर्वेदी, सोनी गुप्ता, कौशलेश पाठक, गोपाल पाठक, निगम मिश्रा व शशांक मिश्रा आदि उपस्थित रहे।