सोनभद्र में 15 नवंबर को दो घंटे से अधिक समय तक रहेंगे मुख्यमंत्री योगी, आदिवासी समाज को करेंगे संबोधित
सेवाकुंज आश्रम के बिरसा मुंडा वनवासी विद्यापीठ के प्रांगण में मंगलवार को आयोजित जनजाति गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे। आश्रम में सीएम कुल दो घंटे 25 मिनट तक रूकेंगे। इस दौरान वह दोपहर 12 से 1.30 तक जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सोनभद्र, जागरण संवाददाता। सेवाकुंज आश्रम के बिरसा मुंडा वनवासी विद्यापीठ के प्रांगण में मंगलवार को आयोजित जनजाति गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे। आश्रम में सीएम कुल दो घंटे 25 मिनट तक रूकेंगे। इस दौरान वह दोपहर 12 से 1.30 तक जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और आदिवासी समाज को संबोधित करेंगे। वनाधिकार कानून के तहत चिन्हित आदिवासियों को जमीन का पट्टा भी देंगे। दोपहर 1.30 से दो बजे तक आश्रम के लोगों के साथ समय गुजारेंगे। इसके बाद आश्रम में बने हेलीपैड़ से वह बलरामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना फाइनल होने के साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों की गतिविधि बढ़ गई। तय समय पर सभी कार्यों को पूरा करने के लिए आश्रम में युद्ध स्तर पर कार्य चल रहे हैं। शनिवार को आश्रम का मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने भी निरीक्षण किया था।
मंच व पंडाल को दिया जा रहा अंतिम रूप
कार्यक्रम स्थल रविवार को भी अधिकारियों की गतिविधि अधिक रही। इस दौरान पंडाल, साउंड, इलेक्ट्रिक सिस्टम, बैरिकेडिंग, फुलसज्जा, स्विस काटेज, हेलीपैड से सर्विस रोड, कार्यक्रम स्थल के आसपास सर्विस रोड, पार्किंग एरिया व जंगल सफाई, मिट्टी रोलिंग का कार्य, भोजनालय, भोजन, पेयजल आदि बिंदुओं पर अधिकारी फाइनल टच देने में लगे रहे। प्रदेश सह संगठन मंत्री आनंद ने बताया कि सेवा समर्पण संस्थान संबद्ध अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाता आया है। इस बार यह गौरव दिवस इसलिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है कि सदैव से वंचित समाज अपने हक को वनाधिकार के तहत पट्टा के रूप में प्राप्त करेगा। बताया कि यह उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा कार्यक्रम होगा जिसमें प्रदेश में निवास करने वाली सभी जनजातिययों का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होगा।
सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
आश्रम में मुख्यमंत्री के दो घंटे से अधिक समय तक रूकने के दौरान पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील रहेगा। सुरक्षा को लेकर शनिवार को ही उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश प्रकाश ने आश्रम का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय पुलिस भी जगह-जगह मुस्तैद रहेगी।