सोनभद्र में लेखपाल समेत तीन पर गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर लेखपाल संजय कनौजिया और उनके परिवार पर एक गर्भवती महिला ...और पढ़ें

सोनभद्र में भूमि विवाद: लेखपाल पर गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, FIR दर्ज।
HighLights
सोनभद्र में भूमि विवाद को लेकर मारपीट की घटना।
लेखपाल और परिवार पर गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप।
पुलिस ने एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। गांव के घमड़ी कन्नौजिया का आरोप है कि लेखपाल और उसके परिवार वालों ने उसकी गर्भवती पत्नी समेत तीन लोगों की पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपित लेखपाल संजय कनौजिया, उनकी पत्नी अनिता कनौजिया और सरोजा देवी के खिलाफ मुकदमाद दर्ज कर लिया है।
घमड़ी ने तहरीर दिया है कि उसकी जमीन के बगल में लेखपाल की जमीन है। दोनों के बीच मेड़ है। आरोप है कि खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने मिट्टी व घास आदि डालकर मेड़ को चौड़ा कर दिया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी पक्ष से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 21 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे जब घमड़ी मजदूरी के लिए बाहर गया था तभी तीनों आरोपित उसके घर पहुंचे और उसकी तीन माह की गर्भवती पत्नी किरन से गाली-गलौज कर मारपीट की और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।
हसुआ से वार से किरन के हाथ में कई जगह चोट आई। पेट में भी लात मारने का आरोप है। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने उसे बचाया और कोन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से लोढ़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप लगाया कि आरोपितों ने जमीन बेचकर वहां से हट जाने की धमकी भी दी।
21 व 22 सितंबर को कोन थाने में तहरीर देने गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत पुलिस ने लेखपाल के प्रभाव में आकर उनके व परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अब एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
