एक किसान से दो-दो बार खरीदी से आक्रोश , प्रदर्शन
जागरण संवाददाता ओबरा (सोनभद्र) चोपन लैंपस में धान की खरीद नहीं होने को लेकर ग्राम पंचायत।
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र) : चोपन लैंपस में धान की खरीद नहीं होने को लेकर ग्राम पंचायत गोठानी के टोला गायघाट के किसानों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि चोपन लैंपस में किसी किसानों से दो-दो बार धान खरीदी हो रही हैं और हम लोगों का नंबर आने के बावजूद बोरा नहीं होने का हवाला देकर वापस लौटा दिया जा रहा हैं।
बताया कि बुधवार को चोपन ब्लाक में आयोजित किसान गोष्ठी में मुख्य विकास अधिकारी से भी इस बारे में बताया गया था, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। किसानों का धान लगभग डेढ़ माह से घर में रखा हुआ है और खराब भी हो रहा है। किसानों ने कहा कि प्रशासन धान खरीद को लेकर पारदर्शिता बनाने में पूरी तरह नाकाम है। धन खरीद का मामला पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली के कारण खेती लगातार कठिन होते जा रहा है। पूर्व में उन्हें खेत के क्षेत्रफल के हिसाब से यूरिया नहीं मिल पाई। यहां तक कि कई किसानों को जो समिति के सदस्य हैं चेक काटने के बावजूद एक भी बोरी खाद नहीं मिली। बताया कि भारी कठिनाइयों और भारी खर्च के बाद किसी तरह धान की फसल हुई तो अब धान की खरीदी नही हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर धान की खरीदी तत्काल नहीं हुई तो वे प्रदेश सरकार और नए कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इसमें ज्ञानेंद्र सिंह, अमर बहादुर सिंह, दशरथ, रमेश, लालबहादुर सिंह, अरविद सिंह, अनिल सिंह, सुरेंद्र, तेजन पटेल आदि थे।