विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में बीएलओ की करामात, मतदाता सूची में डाल दिए 4180 दोहरे नाम

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 05:09 PM (IST)

सोनभद्र के राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में समाजवादी पार्टी ने 4180 दोहरे नाम होने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

सोनभद्र मतदाता सूची में 4180 दोहरे नाम, सपा ने उठाये सवाल।

सोनभद्र मतदाता सूची में 4180 दोहरे नाम, सपा ने उठाये सवाल।

HighLights

  1. सोनभद्र मतदाता सूची में 4180 दोहरे नाम दर्ज।

  2. सपा ने 51,386 विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाया।

  3. अविनाश कुशवाहा ने निष्पक्ष जांच और सत्यापन की मांग की।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने रविवार को राबर्ट्सगंज के विकास नगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान मतदाता सूची में 4180 दोहरे नाम दर्ज होने का दावा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में विपक्ष के 51,386 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। अविनाश कुशवाहा ने कहा कि मतदाता सूची में कई ऐसे नाम हैं, जिनमें व्यक्ति का नाम, पता, पिता का नाम और उम्र समान है, लेकिन अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र संख्या के आधार पर एक ही व्यक्ति का नाम कई बार दर्ज है।

उनके अनुसार, इस संबंध में उन्होंने शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर शिकायत की थी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर मतदाता सूची का सघन सत्यापन कराने और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर जाकर जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में दोहरे अथवा अपात्र नाम मिलने पर निर्वाचन नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

साथ ही एसआइआर के तहत हटाए गए मतदाताओं की फोटोयुक्त सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे उसका भौतिक सत्यापन कराया जा सके। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण में भी अनियमितता का आरोप लगाया। कहा कि कुछ बीएलओ द्वारा फार्म-छह जमा करने वाले आवेदकों को प्राप्ति रसीद नहीं दी जा रही है। उन्होंने आवेदन जमा करने की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करना सुनिश्चित करने की मांग की।