सोनभद्र में अंधविश्वास में तीर धनुष से मारने का किया था प्रयास, फिर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद पकड़ाया
सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

सोनभद्र में अंधविश्वास के कारण बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
अंधविश्वास के चलते बुजुर्ग अवध लाल साकेत पर कुल्हाड़ी से हमला।
हमले में गंभीर घायल बुजुर्ग वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर।
पुलिस ने आरोपी नंदलाल बैसवार को कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता जुगैल (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरहरी टोला चकदहिया में रविवार दोपहर अंधविश्वास के चक्कर में एक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया गया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अवध लाल साकेत अपने घर में चारपाई पर बैठकर खाना खा रहे थे। तभी नंदलाल बैसवार हाथ में कुल्हाड़ी लेकर दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया और टोना-भूत प्रेत को लेकर गाली-गलौज करने लगा। कहासुनी के दौरान नंदलाल ने अवध लाल के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। अवध लाल अचेत होकर गिर पड़े तो हमलावर मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया है, जहां इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हमले से पहले आरोपी नंदलाल अपने घर में अपने भाई से भी झगड़ा कर रहा था और तीर-धनुष लेकर दौड़ा रहा था। भाई ने कमरे में बंद होकर जान बचाई, लेकिन आरोपी ने तीर-धनुष से वार कर उसे भी मामूली रूप से घायल कर दिया था।
परिजनों की नामजद तहरीर पर जुगैल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। पुलिस ने आरोपी को चकदहिया मोड़ से गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और तीर-धनुष बरामद कर लिया है।
