विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगामी 28 से 31 अक्टूबर तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, सोनभद्र में किसानों को सतर्क रहने की सलाह

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 04:16 PM (IST)

सोनभद्र में 28 से 31 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान के कारण आंधी, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी ...और पढ़ें

सोनभद्र में 28 से 31 अक्टूबर तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें सुरक्षा उपाय।

सोनभद्र में 28 से 31 अक्टूबर तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें सुरक्षा उपाय।

HighLights

  1. सोनभद्र में 28-31 अक्टूबर तक मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान।

  2. तेज हवाएं, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका।

  3. लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका के बीच सोनभद्र में 28 से 31 अक्टूबर तक मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के अनुसार 28 अक्टूबर को गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 29 से 31 अक्टूबर तक तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है। अपर जिलाधिकारी वागीश शुक्ला की ओर से जारी सूचना के अनुसार जनपदवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

तेज हवा और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, टिनशेड और कमजोर होर्डिंग के नीचे खड़े न हों। सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। कच्चे व जर्जर भवनों में रहने वाले लोग जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। मौसम की चेतावनी को देखते हुए किसानों को फसलों की कटाई-मड़ाई सावधानी से करने और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

नदी, नालों, बांधों और जलप्रपातों के आसपास जाने तथा तेज बहाव पार करने से बचें। मौसम की जानकारी के लिए मौसम, दामिनी और मेघदूत ऐप का उपयोग करें। आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05444-297645 या हेल्पलाइन 1077 पर सूचना दें। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।