सोनभद्र में फाइनेंस कंपनी का बताकर किस्त बकाया के नाम पर वाहन छीनने वाला गिरोह पकड़ाया
सोनभद्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर किस्त बकाया के ...और पढ़ें

सोनभद्र में फाइनेंस कंपनी के नाम पर वाहन छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
HighLights
पुलिस ने सोनभद्र में वाहन छीनने वाले गिरोह को पकड़ा।
आरोपी फाइनेंस कंपनी का बताकर ट्रेलर चालकों को धमकाते थे।
गिरफ्तार सदस्यों ने चालक से मारपीट कर गला दबाने का प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। किस्त बकाया होने का भय दिखाकर तीन व्यक्तियों ने रविवार की रात एक ट्रेलर रोक लिया। उसके चालक को धमकाकर उसे उतारने का प्रयास किया। उसके साथ मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया।
पुलिस ने इस आरोप में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मगरहथा गांव निवासी आशू सिंह, परसौना गांव निवासी सूरज पांडेय और पकरी चंडी होटल निवासी संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि तीनों किस्त बकाया होने का भय दिखाकर फाइनेंस कम्पनी के नाम पर ट्रेलर चालकों से जबरन वाहन छीनते थे। राबर्ट्सगंज कोतवाली के अपराध निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि रविवार की रात आरोपितों ने फाइनेंस कम्पनी में सीजिंग का कार्य करने की बात कहते हुए किस्त बकाया होने के नाम पर हाईवे पर ट्रेलर को रोका।
चालक को जबरन वाहन से हटाकर ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया। चालक के विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। केबिन की खिड़की से उसका गला दबाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपित ट्रेलर को कब्जे में लेकर यार्ड में ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
इस मामले में चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को हिंदुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह हमराहियाें के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिन्दुआरी पुलिया के पहले बाबा ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बरामद दो बाइक सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे श्रीराम फाइनेंस कम्पनी में सीजिंग का कार्य करते हैं। कम्पनी से किश्त बकाया वाहनों की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा कर कम्पनी को सूचित करते हैं।
