यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दीपावली पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति
जागरण संवाददाता ओबरा (सोनभद्र) पिछले एक सप्ताह के दौरान बिजली की मांग में कमी से त्योहार

जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र) : पिछले एक सप्ताह के दौरान बिजली की मांग में कमी से त्योहारों पर बिजली की आपूर्ति में दिक्कतें पेश नहीं आई। धनतेरस और दीपावली पर शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की गई। दीपावली पर बिजली की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी ऊर्जा निगमों को अलर्ट पर रखा गया था।
दीपावली के दिन भी बिजली की प्रतिबंधित मांग ज्यादा नही रही। समाचार लिखे जाने तक शाम पांच बजे मांग 11 हजार मेगावाट से भी कम हो गई थी। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी 18 घंटे की जगह 24 घंटे आपूर्ति की गई । इससे पहले दो नवंबर को धनतेरस के दिन भी ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की गई थी।
निर्बाध आपूर्ति के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी पैमाने पर झालर सहित अन्य इलेक्ट्रिक सजावटी यंत्र लगाने का प्रचलन बढ़ा है। उधर मांग में कमी के कारण 15 से ज्यादा इकाइयों को रिजर्व शटडाउन पर रखा गया। तीन नवंबर को अधिकतम प्रतिबंधित मांग 13919 मेगावाट दर्ज की गई। जिसके कारण रोजा की 300 मेगावाट वाली दो इकाई,टांडा की 110 मेगावाट वाली चार इकाई,ऊंचाहार की 210 वाली दो इकाई,हरदुआगंज की 105 मेगावाट की एक और 250 मेगावाट की दो इकाई,परीछा की 210 मेगावाट की दो इकाई और 250 मेगावाट की दो इकाई को रिजर्व शटडाउन पर रखा गया है।
