विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश में 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप, 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल जब्त

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 06:53 PM (IST)

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बरगवां पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और ...और पढ़ें

सिंगरौली में पुलिस ने जब्त की भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाएं।

सिंगरौली में पुलिस ने जब्त की भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाएं।

HighLights

  1. सिंगरौली में 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त।

  2. 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल भी बरामद किए गए।

  3. मेडिकल स्टोर संचालक सहित दो आरोपी गिरफ्तार हुए।

जागरण संवाददाता, सिंगरौली (सोनभद्र)। मध्य प्रदेश के बरगवां थाना पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर कसर में छापेमारी कर 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल बरामद किया है। वहां से बोलेरो वाहन व मोटरसाइकिल जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने सेमुआर गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक 25 वर्षीय नीतीश कुमार बैस व गांव के ही 22 वर्षीय सुकसेन बैस को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को मेडिकल स्टोर और ईंट प्लांट परिसर में बने सीमेंट गोदाम से नशीली दवाएं मिलीं। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज केएम ने बताया कि राज्य स्तरीय विशेष अभियान के दौरान बरगवां थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं का अवैध भंडाररण व बिक्री की जा रही है। इस पर पुलिस टीम ने स्टार मेडिकल स्टोर, कसर के सामने कार्रवाई करते हुए सुकसेन बैस को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मोटरसाइकिल पर रखी दो पेटियों में एपकोरेस कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप की 238 शीशियां बरामद की गईं। पुलिस ने मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर के संचालक नीतीश कुमार बैस से पूछताछ की।

इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम सेमुआर स्थित ईंट प्लांट परिसर में बने सीमेंट गोदाम में कार्रवाई की। गोदाम से एपकोरेस कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप की 1,080 शीशियां व बड़ी मात्रा में अन्य नशीली दवाएं बरामद हुईं। इनमें 10,080 कैप्सूल, पीवन स्पेस टी के 17,280 कैप्सूल और अलजोमैक की 25,200 टैबलेट शामिल हैं। एक सफेद बोलेरो भी जब्त किया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों के पास से 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप, 52,560 टैबलेट-कैप्सूल, बोलेरो और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

अवैध दवा कारोबार की सप्लाई चेन पर पुलिस की नजर
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज केएम ने बताया कि अभियान के तहत नशीले पदार्थों के अवैध संग्रह, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, गैर-जमानती वारंट की तामीली और व्यावसायिक मात्रा वाले मामलों में वित्तीय जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लाेगों से अपील किया कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।