छोटा डूबा तो बड़े भाई ने लगाई छलांग, दोनों की मौत
तालाब गहरा होने की वजह से किसी ने नहीं दिखाई हिम्मत। दोनों जुड़वा और साथ रहते थे घटना से परिवार में कोहराम।
सीतापुर : तंबौर थाने के सहिजर कला गांव में रविवार को जुड़वा भाइयों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सहिजर कला निवासी छोटकन यादव पुत्र गनेशी शनिवार दोपहर कुछ काम बताकर घर से निकला था। लेकिन, वह रात तक वापस नहीं आया। उसकी तलाश भी की गई, मगर कुछ पता नहीं चला। रविवार को मक्कापुरवा के उत्तर स्थित तालाब में एक शव देखा गया। मृतक की शिनाख्त छोटकन के रूप में हुई। छोटे भाई की तालाब में डूबने की जानकारी पाकर बड़ा भाई बड़कन भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचा। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले बड़कन ने भी तालाब में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब गहरा है। बड़कन को बचाने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सका। इसी क्रम में ग्रामीण व परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल था। मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शवों को तालाब से निकाला जा सका। एसएसआइ वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि तालाब में डूबने से दोनों भाइयों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दोनों थे जुड़वा :
पांच भाइयों में मृतक दोनों भाई जुड़वा थे। इनमें बड़कन बड़ा था। छोटे भाई छुटकन की मौत का सदमा बड़कन सहन नहीं कर पाया और भावुक होकर उसने तालाब में छलांग लगा दी।
घटना से गांव में मातम :
छोटकन का विवाह हो चुका था, उसके दो बच्चे हैं। बड़कन ने शादी नहीं की थी। दोनों भाई खेती करते थे। दोनों के पास चार-चार बीघा जमीन थी। दोनों भाइयों की मौत से सहिजर कला गांव में मातम पसरा था। ग्रामीण व रिश्तेदार दोनों भाइयों के परिवारजन को सांत्वना दे रहे थे।